Published on: 13 Feb 2026
**एआईयू इंटर यूनिवर्सिटी यूथ फेस्टिवल में छाए इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के विद्यार्थी, 7 पुरस्कार जीते।**
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी के विद्यार्थियों ने एआईयू के 39वें इंटर यूनिवर्सिटी यूथ फेस्टिवल में शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में कुल 7 स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया।
निदेशक छात्र कल्याण प्रोफेसर अदिति शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि एआईयू द्वारा 39वां इंटर यूनिवर्सिटी यूथ फेस्टिवल 3 से 7 फरवरी 2026 तक महर्षि मार्कंडेश्वर डीम्ड टू बी विश्वविद्यालय, मुलाना (अंबाला) में आयोजित किया गया था। इसमें इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय ने कुल 27 विधाओं में से 26 विधाओं में 60 सदस्यीय दल के साथ भाग लिया, जिसमें 40 विद्यार्थी, 17 अकंपनिस्ट तथा 3 कंटीजेंट इंचार्ज शामिल थे। विजेता टीम के विश्वविद्यालय पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया।
प्रोफेसर अदिति शर्मा ने बताया कि कुलपति प्रोफेसर असीम मिगलानी के कुशल नेतृत्व में आज इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में हरियाणा के अग्रणी विश्वविद्यालयों में शामिल हो चुका है। इस वर्ष युवा महोत्सव जोनल व इंटर-जोनल स्तर पर आयोजित किए गए, जिसके परिणामस्वरूप विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी का अवसर मिला और विश्वविद्यालय की टीम ने अनेक पुरस्कार प्राप्त किए।
इस प्रतिष्ठित महोत्सव में हरियाणा, दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश के लगभग 30 विश्वविद्यालयों ने भाग लिया, जिससे प्रतियोगिता का स्तर अत्यंत चुनौतीपूर्ण रहा। कड़े मुकाबले के बावजूद इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की उपलब्धियां इस प्रकार रहीं—
• माइम – द्वितीय स्थान
• समूह लोक नृत्य – तृतीय स्थान
• वन एक्ट प्ले – चतुर्थ स्थान
• क्रिएटिव कोरियोग्राफी – पंचम स्थान
• स्किट – पंचम स्थान
• समूह गीत (भारतीय) – पंचम स्थान
• समूह गीत (पश्चिमी) – पंचम स्थान।
यह प्रदर्शन अब तक इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। हर्ष का विषय है कि माइम टीम तथा हरियाणवी समूह नृत्य टीम का चयन एआईयू नेशनल यूथ फेस्टिवल, चेन्नई (10–14 मार्च) के लिए हुआ है।
विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित समारोह में कुलपति प्रोफेसर असीम मिगलानी ने भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को सम्मानित किया तथा विजेताओं को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए। कुलपति ने इस अवसर पर कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों को किसी प्रकार की कमी नहीं रहने देगा तथा उनकी तैयारियों के लिए सर्वोत्तम सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने विश्वविद्यालय की टीम को नेशनल यूथ फेस्टिवल के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि दोनों टीमें चेन्नई में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगी।
उन्होंने इस अवसर पर कंटीजेंट इंचार्ज डॉ. कुसुम यादव, डॉ. नवनीत कौशल, डॉ. अनीता यादव तथा डॉ. सुशांत यादव सहित छात्र कल्याण विभाग की पूरी टीम को बधाई दी। इस अवसर पर कुलपति द्वारा आरपीएस कॉलेज से सांस्कृतिक इंचार्ज एवं थिएटर निर्देशक रमेश सापड़ा, नृत्य कोरियोग्राफर सागर सैनी तथा सांस्कृतिक प्रस्तुति के निर्देशक रविंद्र को भी सम्मानित किया गया, जिनके निर्देशन में विश्वविद्यालय की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर करण सिंह ने कुलपति प्रोफेसर असीम मिगलानी का धन्यवाद करते हुए बताया कि इस बार कुलपति के मार्गदर्शन में युवा कल्याण समिति द्वारा लिए गए विभिन्न निर्णयों के परिणामस्वरूप पहली बार आईजीयू से संबद्ध 9 महाविद्यालयों के 40 विद्यार्थियों ने इस युवा महोत्सव में भाग लिया और यह शानदार उपलब्धि हासिल की।
इस अवसर पर हिंदी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर मंजू पुरी, सहायक प्रोफेसर डॉ. जगीर नागर, डॉ. शकुंतला, केएलपी कॉलेज से डॉ. मोनिका सहित विश्वविद्यालय के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। मंच का संचालन सहायक निदेशक छात्र कल्याण डॉ. सुशांत यादव द्वारा किया गया।